आसनसोल मंडल में स्वच्छता, बायो-टॉयलेट जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम हुआ आयोजित-
पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल द्वारा भारतीय रेल के 173वें स्थापना वर्ष समारोह के अंतर्गत अपने अधिकार क्षेत्र के स्टेशनों, कॉलोनियों एवं रेलवे परिसरों में निरंतर स्वच्छता जागरूकता अभियान तथा यात्री जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य रेलवे परिसरों में स्वच्छता, स्वच्छ व्यवहार, पर्यावरण संरक्षण तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
इसी क्रम में दिनांक 29 अप्रैल 2026 को आसनसोल मंडल के विभिन्न स्थलों सहित मथुरापुर, ट्रैफिक कॉलोनी/अंडाल, घोरमारा स्टेशन, तेलवा बाजार एवं मनकर स्टेशन पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय निवासियों एवं यात्रियों ने सहभागिता की।
अभियान के दौरान कचरे के उचित निस्तारण, डस्टबिन के उपयोग, गंदगी फैलाने से बचने तथा स्टेशनों, कॉलोनियों एवं अन्य रेलवे परिसरों में स्वच्छ एवं स्वास्थ्यमय वातावरण बनाए रखने के संबंध में जागरूकता फैलायी गई। यात्रियों को ट्रेनों में स्थापित बायो-टॉयलेट के सही उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई तथा उनसे अनुरोध किया गया कि वे टॉयलेट पैन में प्लास्टिक बोतलें, कचरा, कपड़े अथवा अन्य अपशिष्ट सामग्री न डालें, क्योंकि इससे बायो-टॉयलेट की कार्यप्रणाली प्रभावित होती है और अन्य यात्रियों को असुविधा होती है।
रेलवे ट्रैक की स्वच्छता पर भी विशेष बल दिया गया। इसके तहत रेलवे द्वारा यात्रियों एवं आमजन से अनुरोध किया गया कि वे रेलवे लाइन पर कचरा न फेंकें तथा अपशिष्ट सामग्री के निस्तारण हेतु निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करें। प्रतिभागियों को स्वच्छ आदतें अपनाने तथा स्वस्थ वातावरण निर्माण में सहयोग हेतु प्रेरित किया गया।
यात्री जनसंपर्क सत्रों के दौरान यात्री सुविधाओं एवं सेवाओं के संबंध में सुझाव भी प्राप्त किए गए।यात्रियों द्वारा दिए गए सुझावों को आवश्यक कार्रवाई एवं सेवाओं में सतत सुधार हेतु संज्ञान में लिया गया।
आसनसोल मंडल सभी यात्रियों एवं आमजन से अपील करता है कि वे स्टेशनों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें, रेलवे सुविधाओं का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें, बायो-टॉयलेट को स्वच्छ रखें तथा रेलवे परिसरों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं यात्री अनुकूल बनाए रखने में सहयोग करें।
