देवघर में एक निजी स्कूल की बस ने बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े लोगों और वाहन को कुचल डाला।घटना में स्कूटी सवार 35 वर्षीय आलोक की कुचल कर मौत हो गई जबकि स्कूटी पर बैठा उनका बच्चा घायल हो गया।आलोक अपने बच्चे को स्कूल पहुंचाने के लिए सड़क किनारे खड़े थे। घटना में गंभीर रूप से घायल आलोक को देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन अस्पताल में आलोक ने दम तोड़ दिया। घटना सुबह 7 से 8 बजे की बताई जा रही है।बस सड़क किनारे खड़े एक टोटो को भी रौंद कर आगे बढ़ गई और आगे जाकर एक बलेनो कार से टकरा गई।टोटो ड्राइवर भी बुरी तरह घायल है।कार भी क्षतिग्रस्त हो गई है।शुक्र है कि टोटो पर कोई सवारी नहीं था।प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक अगर कार आगे नहीं रहती तो बस बेकाबू हो कर नाले में गिर सकती थी।बस पर तकरीबन 40 स्कूली बच्चे सवार थे।स्थानीय लोगों द्वारा ड्राइवर को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।घटना से स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा है।लोगों द्वारा स्कूली बसों में क्षमता से अधिक बच्चे चढ़ाने और बस को लापरवाह तरीके से काफी स्पीड में चलाने का आरोप लगाया जा रहा है।
