कई राज्यों के राज्य सरकार और राज्यपाल के बीच बिगड़ते रिश्तों का असर अब छात्रों और शैक्षणिक संस्थानों पर भी साफ दिखने लगा है। तमिलनाडु के तिरुनेलवेली स्थित मनॉन्मनियम सुंदरानार विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में ऐसा ही नजारा देखने में आया।दीक्षांत समारोह में तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि और विश्वविद्यालय के कुलपति एम चंद्रशेखर के हाथों छात्रों को डिग्रियां दी जा रही थी।समारोह के दौरान पीएचडी की छात्रा जोसेफ ने राज्यपाल को छोड़ कुलपति के हाथो डिग्री हासिल की।इस दौरान राज्यपाल भी एक क्षण के लिए असहज हो गए।
कारण पूछे जाने पर 38 वर्षीय छात्रा ने स्पष्ट किया कि वह ऐसे व्यक्ति से डिग्री हासिल करना पसंद नहीं करेगी जो तमिलनाडु और तमिल संस्कृति विरोधी हो। जोसेफ ने कहा कि दो दिन पहले उसे समारोह का निमंत्रण मिला था और तभी उसने राज्यपाल के हाथो डिग्री नहीं लेने का निर्णय कर लिया था। जोसेफ ने कहा कि राज्यपाल ने राज्य की विधायिका द्वारा पास कई बिल को रोक कर रखा है जिससे राज्य का भारी नुकसान हुआ है।जोसेफ के अनुसार उसका यह उदाहरण कई लोगों को ऐसे पावरफुल लोगों के खिलाफ आगे आने के लिए प्रेरित करेगा जो अपने पद की गरिमा के अनुरूप कार्य नहीं करते हैं।दीक्षांत समारोह का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
