जम्मू और कश्मीर के राजौरी जिला अन्तर्गत गंभीर इलाके में लाइन ऑफ कंट्रोल के समीप भारी हथियार के साथ घुसपैठ की कोशिश कर रहे जैशे मोहम्मद के हथियारबंद आतंकवादियों के मंसूबे को सेना ने नाकाम कर दिया है।सेना की त्वरित कारवाई में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के रहने वाले मोहम्मद आरिफ अहमद को गिरफ्तार किया गया है।आरिफ गाइड के तौर पर आतंकवादियों को घुसपैठ में मदद कर रहा था।
LoC से आतंकवादियों के संभावित घुसपैठ की खुफिया जानकारी के आधार पर सेना और बीएसएफ द्वारा काउंटर इन्फिल्ट्रेशन ड्राइव चलाया जा रहा था तभी घाटी के दुर्गम इलाके में हथियार से लैस चार से पांच आतंकवादियों के ग्रुप को देखा गया।सेना और बीएसएफ की गतिविधि की भनक मिलते ही सभी भागने लगे।उनमें से एक आरिफ को दबोच लिया गया।सेना के सूत्रों के अनुसार क्षेत्र की गहन जांच में कुछ संवेदनशील समान, मोबाइल फोन और पाकिस्तानी करेंसी बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में गिरफ्तार आरिफ ने अपने की PoK का रहने वाला बताया। उसने कबूल किया है कि पाकिस्तानी सेना अधिकारियों के निर्देश पर काम कर रहा था।आरिफ से कड़ी पूछताछ कर आतंकवादियों के नेटवर्क को खंगालने की कोशिश की जा रही है।
