आसनसोल मंडल के रेलवे सुरक्षा बल ने सतर्कता और सहानुभूति का एक सराहनीय कार्य करते हुए 05 सितंबर,2025 को मधुपुर रेलवे स्टेशन पर “नन्हे फरिस्ते” अभियान के तहत एक 11 वर्षीय लड़के को सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया।
यह घटना नियमित गश्त के दौरान लगभग 09:30 बजे हुई, जब रेलवे सुरक्षा बल कर्मियों ने प्लेटफार्म संख्या 3/4 के पास एक छोटे लड़के को भटकते हुए देखा।पूछताछ करने पर, लड़का भ्रमित लग रहा था और स्पष्ट उत्तर नहीं दे पा रहा था।बाद में उसने अपनी पहचान आकाश कुमार, पुत्र श्री कृपा सिंह, गुलजारपुर, सहार, जिला आरा (बिहार) के रूप में बताई। आकाश ने बताया कि आरा से पटना के फुलवारी शरीफ़ में अपनी बहन से मिलने जाते समय वह गलती से गलत ट्रेन में चढ़ गया और मधुपुर पहुँच गया।
रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने तुरंत लड़के की सुरक्षा सुनिश्चित की और तत्काल सहायता के लिए चाइल्डलाइन/देवघर और ‘आश्रय एनजीओ’ से संपर्क किया।दोनों संगठनों के प्रतिनिधि लगभग 10:30 बजे मधुपुर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट पहुँचे।आवश्यक कानूनी औपचारिकताएँ पूरी करने के बाद लड़के को चाइल्डलाइन के माध्यम से बाल कल्याण समिति, देवघर को सुरक्षित सौंप दिया गया। उसके परिवार वालों को भी तुरंत सूचित कर दिया गया।
रेलवे सुरक्षा बल की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई ने न केवल नाबालिग की सुरक्षा की है,बल्कि कमजोर यात्रियों,विशेष कर बच्चों की सुरक्षा और कल्याण भी सुनिश्चित की।
रेलवे ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संकटग्रस्त बच्चे की सूचना शीघ्रातिशीघ्र रेलवे सुरक्षा बल या रेलवे कर्मचारियों को दें।‘रेल मदद’ हेल्पलाइन 139, जो चौबीसों घंटे (24/7) संचालित होती है, के माध्यम से तत्काल सहायता उपलब्ध की जाती है।
